गणतंत्र दिवस के अवसर पर क्षेत्र के प्रशासनिक तथा सरकारी कार्यालयों में फहराया गया तिरंगा

मोदीनगर (अनवर खान)। राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस के अवसर पर क्षेत्र के प्रशासनिक तथा सरकारी कार्यालयों में तिरंगा फहरा कर राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी गई।
        तहसील मुख्यालय पर उप जिलाधिकारी सौम्या पांडे द्वारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहरा कर सलामी दी गई। एसडीएम सौम्या पांडे ने वहां मौजूद सभी अधिकारियों तथा कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस के बारे में विस्तार से बताया तथा भारतीय संविधान का पालन करने का पाठ भी पढ़ाया। इस मौके पर तहसील के सभी अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।
        मोदीनगर थाना परिसर में थाना प्रभारी निरीक्षक देवपाल सिंह पुंडीर द्वारा तिरंगा फहराया गया। इस मौके पर मौजूद थाने में तैनात सभी पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस दौरान थानाध्यक्ष देवपाल सिंह पुंडीर द्वारा सभी पुलिसकर्मियों को सत्य एवं कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई। निवाड़ी थाने में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार द्वारा तिरंगा झंडा फहराया गया तथा राष्ट्रगान के साथ उस को सलामी दी गई। भोजपुर थाने में थानाध्यक्ष राजीव कुमार द्वारा झंडा फहराया गया तथा पुलिस कर्मियों को शपथ भी दिलाई गई।
        गोविंदपुरी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के परिसर में चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर सुशील सिद्धार्थ ने‌ तिरंगा झंडा फहरा कर सलामी दी। इस दौरान मौजूद स्टाफ से उन्होंने संविधान द्वारा बताए गए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
        नगर पालिका परिषद के प्रांगण में अधिशासी अधिकारी शिवराज सिंह तथा पालिकाध्यक्ष अशोक माहेश्वरी द्वारा संयुक्त रूप से तिरंगा झंडा फहराया गया। इस मौके पर पालिका का समस्त स्टाफ तथा सभासद गण मौजूद थे। नगर पंचायत पतला के परिसर में चेयरमैन मनोज शर्मा ने तिरंगा फहराया तथा सलामी दी। नगर पंचायत फरीदनगर में चेयरमैन अनवार मलिक द्वारा तिरंगा झंडा फहराया गया। नगर पंचायत निवाड़ी में अधिशासी अधिकारी नीति गुप्ता द्वारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया गया।
        विकासखंड भोजपुर के प्रांगण में विकास खंड अधिकारी फैसल आलम तथा ब्लाक प्रमुख किशन वीर सिंह चौधरी द्वारा संयुक्त रूप से तिरंगा फहराया गया तथा सलामी दी गई। इस अवसर पर अविनाश गुप्ता समेत सभी अधिकारीगण मौजूद थे।