विशालकाय अजगर मिलने से मचा हड़कंप

वन विभाग की टीम ने बड़ी मशक्कत के बाद अजगर को पकड़ा


मोदीनगर (अनवर ख़ान)। कादराबाद पुलिस चौकी के निकट स्थित बालबाड़ी पब्लिक स्कूल के बाहर लगे हुए एक पेड़ पर चढ़ता हुआ विशालकाय अजगर नज़र आने से हड़कंप मच गया। ‌ चौकी प्रभारी द्वारा वन विभाग को सूचना दिए जाने के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम बड़ी मशक्कत के बाद अजगर को पकड़ने में कामयाब हुई।
       सोमवार सांय करीब चार बजे चौकी प्रभारी सोमपाल सिंह को किसी व्यक्ति ने सूचना दी कि चौकी के निकट स्थित बालबाड़ी पब्लिक स्कूल के बाहर लगे एक पेड़ पर विशालकाय अजगर चढ़ रहा है। सोमपाल सिंह ने तुरंत वन विभाग को फोन पर विशालकाय अजगर होने की सूचना दी। सूचना पाते ही वन इंचार्ज मुकेश कुमार अपनी टीम को लेकर मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम को करीब 12 फुट लंबे विशालकाय अजगर को पेड़ से उतारने में खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। जिसके बाद टीम ने पुलिस कर्मियों की मदद से करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को पकड़ कर एक बोरी में बंद कर दिया। वन इंचार्ज मुकेश कुमार के मुताबिक पकड़े गए विशालकाय अजगर को अब उसके प्राकृतिक वातावरण में ही छोड़ा जाएगा। वन विभाग की टीम में वन इंचार्ज मुकेश कुमार के अलावा वन दरोगा लटूर सिंह, वनरक्षक संजीव कुमार तथा सेंसरपाल सिंह शामिल थे। इस दौरान अजगर को देखने वालों की मौके पर भीड़ जुटी रही।