गांधी परिवार की एसपीजी सुरक्षा हटाए जाने पर उबले युवा कांग्रेसी

मोदीनगर (अनवर ख़ान)। गत दिन पूर्व केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा गांधी परिवार की एसपीजी सुरक्षा हटा ली गई थी। गांधी परिवार की सुरक्षा हटाए जाने पर तभी से कांग्रेसियों में आक्रोश व्याप्त है। और लगातार धरना प्रदर्शन कर कांग्रेसी भाजपा सरकार के इस तुगलकी फरमान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
      विरोध प्रदर्शन की इसी कड़ी में शनिवार को भी युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ओमवीर यादव के आह्वान पर मोदीनगर विधानसभा प्रभारी अभिनव शर्मा के नेतृत्व में दर्जनों युवा कांग्रेसी मेरठ कमिश्नरी पहुंचे और वहां विरोध प्रदर्शन करते हुए गांधी परिवार की सुरक्षा को बहाल किए जाने की मांग की। अभिनव शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार एक विफल सरकार है यह सरकार अपनी विफलताओं से देशवासियों का ध्यान भटकाने के लिए नित नई-नई साजिशों को अंजाम देती रहती है। गांधी परिवार की एसपीजी सुरक्षा को हटाना भी ऐसी ही किसी साजिश का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि अपनी कुर्बानियां देकर इस देश की अस्मिता को बचाए रखने वाले गांधी परिवार के साथ भाजपा सरकार द्वारा बढ़ता जा रहा यह रवैया अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने मांग की कि भाजपा सरकार को अविलंब गांधी परिवार की एसपीजी सुरक्षा बहाल कर देनी चाहिए। 
        अभिनव शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे प्रदर्शनकारियों में प्रदीप गौड़, गौरव भारती, विक्रांत नेहरा, नितिन, आयुष जैन, मोनू पंडित, मोहित, बबलू, शिवम आदि शामिल थे।