सांसद के नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने निकाली गांधी संकल्प पदयात्रा

मोदीनगर (अनवर ख़ान)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती तथा सरदार वल्लभ भाई पटेल की 145वीं जयंती के अवसर पर बागपत लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ सत्यपाल सिंह की अगुवाई में गांधी संकल्प यात्रा के तहत भाजपाइयों द्वारा नगरक्षेत्र में पदयात्रा निकाली गई। इस दौरान भाजपाइयों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा सरदार वल्लभ भाई पटेल को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
        अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार को भाजपा सांसद डॉ सत्यपाल सिंह तथा क्षेत्र के तमाम भाजपाई बस अड्डे स्थित बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर एकत्रित हुए। जहां पर सभी ने बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर वहां से पदयात्रा आरंभ की। जिसके बाद पदयात्रा हाईवे से होते हुए हापुड़ रोड स्थित गांधी मैदान पहुंची जहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा वहां से वापस लौटते हुए पदयात्रा हाईवे से होती हुई सीकरी फाटक के समीप स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा स्थल पर पहुंची जहां पर सभी भाजपाइयों ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर पदयात्रा का व्यापारियों तथा गणमान्य व्यक्तियों द्वारा स्वागत किया गया।
        पदयात्रा में चेयरमैन अशोक महेश्वरी, राष्ट्रीय परिषद सदस्य स्वदेश जैन, जिला महामंत्री अमित चौधरी, वरिष्ठ भाजपा नेता पवन सिंघल, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष आशीष चौधरी, कृष्णवीर प्रमुख, महेश तायल, अनुज त्यागी, सतीश बखरवा, अनिल सैन, अजय सैन, अमितेज जैन, हेमंत पालीवाल, दौलतराम जांगिड़, साधना शर्मा, सीमा शर्मा, आकाश शर्मा, रोहित सक्सैना, रोहित खटीक समेत सैकड़ों भाजपाई शामिल थे।