किसान मजदूर अधिकार यात्रा का क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर किया गया भव्य स्वागत

मोदीनगर (अनवर ख़ान)। 15 सूत्रीय मांगों को लेकर गत 11 सितंबर से सहारनपुर से भारतीय किसान संगठन द्वारा निकाली जा रही किसान मजदूर अधिकार यात्रा आज सुबह मोदीनगर पहुंची। इस यात्रा का क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर सैंकड़ों क्षेत्रवासियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
         भारतीय किसान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरण सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार से किसानों और मजदूरों के अधिकारों की मांग को लेकर सहारनपुर से गत 11 सितंबर से किसान मजदूर अधिकार यात्रा निकाली जा रही है। जो 21 सितंबर को दिल्ली स्थित किसान घाट पर पहुंचेगी और जहां सरकार को 15 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा जाएगा। मांग पत्र में भारत के समस्त किसानों का संपूर्ण कर्जा माफ किए जाना, किसानों को सिंचाई हेतु मुफ्त बिजली दिए जाना, किसान व मजदूरों की शिक्षा व स्वास्थ्य मुफ़्त प्रदान करना, 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर किसानों व मजदूरों को 5000 रुपए प्रति माह पेंशन की व्यवस्था करना, किसान के साथ ही उसके परिवार के लिए दुर्घटना बीमा योजना लागू किए जाना, सभी फसलों के दाम किसान प्रतिनिधियों की मौजूदगी में तय किए जाना, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाई कोर्ट की बेंच व एम्स की स्थापना किए जाना, आवारा गोवंश के लिए गोपालक को 300 रुपए प्रतिदिन दिए जाने की व्यवस्था करना, किसान की दुर्घटना में मृत्यु होने पर शहीद का दर्जा दिया जाना, किसानों का गन्ना भुगतान ब्याज सहित जल्द से जल्द दिए जाना आदि मांगे शामिल है। 
      गांव कादराबाद में इस यात्रा में शामिल संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत अनेक किसानों का अपने साथियों के साथ रालोद नेता रणवीर दहिया ने फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया। स्वागत करने वालों में रालोद की वरिष्ठ नेत्री पूर्व जिपं सदस्य दीपा त्यागी, बिटटू खंजरपुर, संजीत नेहरा, अशोक फफराना, चांदवीर, रामभरोसे लाल मोर्य, वरूण दहिया, रणवीर मलिक, सत्तार अहमद, योगेंद्र पतला, कपिल चौधरी, रविंद्र, नवीन पैंगा आदि किसान शामिल थे।
      इसके अलावा सतीश पार्क के सामने संगठन के जिला महासचिव कुणाल शर्मा समेत अनेक लोगों द्वारा यात्रा में शामिल किसानों का भव्य स्वागत किया गया तथा किसान को शीतल जल का वितरण भी किया गया। इस मौके पर पप्पन शर्मा, प्रदीप बोस, मनीष शर्मा, बिट्टू पंडित, शशांक गुप्ता, कार्तिक आदि मौजूद थे।