जनसंख्या वृद्धि से पैदा होंगे देश में गृहयुद्ध के हालात - अनिल चौधरी

मोदीनगर (अनवर ख़ान)। देश में निरंतर बढ़ती जा रही जनसंख्या के कारण आज देशवासियों के सामने अशिक्षा, गरीबी, बीमारी, अपराध समेत अनेक समस्याएं मुंह उठाए खड़ी हैं। साथ ही बढ़ती जनसंख्या बेरोजगारी और भुखमरी के हालात भी पैदा कर रही है। यदि जनसंख्या वृद्धि का यही हाल रहा तो देश में गृहयुद्ध के हालात बनने में देर नहीं लगेगी।
       उक्त विचार जनसंख्या समाधान फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल चौधरी ने क्षेत्रीय विधायक डॉ मंजू शिवाच के कार्यालय पर आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान व्यक्त किए। उन्होंने जनसंख्या वृद्धि पर अपनी चिंता जाहिर करते हुए कहा कि इस समय जनसंख्या के लिहाज से भारत विश्व में दूसरे स्थान पर है। आंकड़ों पर गौर करें तो भारत की आबादी में अभी भी हर दिन पचास हजार की वृद्धि हो रही है। इतनी बड़ी जनसंख्या को भोजन मुहैया कराने के लिए हमारा खाद्यान्न उत्पादन दर बेहद कम है। उन्होंने कहा कि यदि जनसंख्या इसी दर से बढ़ती रही तो देशवासियों के सामने भुखमरी के हालात पैदा होने के साथ साथ वर्ष 2030 में जनसंख्या के मामले में भारत विश्व में प्रथम स्थान पर होगा। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि उनकी संस्था विगत छः वर्षों से जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाए जाने की मांग कर रही है। संस्था के डेढ़ लाख कार्यकर्ता 18 राज्यों में इसी अभियान को सफल बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। उनके अभियान से सम्बद्ध देश के 125 सांसद समय-समय पर उनकी इस मांग को संसद में उठाते रहते हैं। अनिल चौधरी ने बताया कि इसी मांग को लेकर उनकी संस्था द्वारा आगामी 11 अक्टूबर को मेरठ से एक पदयात्रा आरंभ की जाएगी जो 12 अक्टूबर को मोदीनगर पहुंचेगी तथा 13 अक्टूबर को जंतर मंतर पर जाकर समाप्त होगी। पदयात्रा में करीब दस विभिन्न जनपदों, नगरों के अलावा 6000 गांवों के लोग शामिल होंगे। अनिल चौधरी ने कहा कि उनकी सरकार से यह भी मांग है कि जनसंख्या नियंत्रण पर ऐसा कठोर कानून बनाया जाए कि इस कानून का पालन न करने वाले समस्त सरकारी सुविधाएं समाप्त की जाएं, वोटिंग अधिकार समाप्त किया जाए साथ ही दोषी के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जाए। क्षेत्रीय विधायक मंजू शिवाच ने बताया कि आगामी 18 सितंबर को आरएसएस नेता इंद्रेश कुमार मोदीनगर आएंगे तथा हापुड़ रोड स्थित एवीएस गार्डन में आयोजित समीक्षा बैठक में पदयात्रा की तैयारियों की समीक्षा‌ करेंगें। 
        प्रेस वार्ता में पदयात्रा संयोजक ममता सहगल, लोनी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार के अलावा देवेंद्र चौधरी, प्रेमचंद गर्ग, सुभाष सांगवान, अमित तिसावड़, मीनाक्षी भूटानी, प्रिंस राठी, अशोक गुप्ता, टेंमपाल पंवार आदि भाजपाई मौजूद थे।