दौड़ प्रतियोगिता में सहारनपुर के प्रिंस ने मारी बाजी

गांव बेगमाबाद में आयोजित 1600 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में विभिन्न जनपदों के 200 धावकों ने लिया था हिस्सा


मोदीनगर (अनवर ख़ान)। निकटवर्ती गांव बेगमाबाद में गांव के युवाओं द्वारा आयोजित 1600 मीटर दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न जनपदों के धावकों ने भाग लिया। जिसमें जनपद सहारनपुर निवासी प्रिंस ने सभी प्रतिभागियों को पछाड़कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
      प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य उदित राज नेहरा द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि उदित राज नेहरा ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले धावकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल को जीत की भावना के साथ साथ राष्ट्र भावना से खेला जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल में हार जीत तो लगी रहती है किंतु हार से घबराकर अपने कदम पीछे नहीं खींचने चाहिए बल्कि और अधिक जोश के साथ उस हार को जीत में तब्दील करने का हौसला बनाए रखना चाहिए। जिसके उपरांत मुख्य अतिथि उदित राज नेहरा ने धावकों का परिचय प्राप्त किया तथा प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाकर दौड़ के लिए रवाना किया। इस मौके पर मौजूद प्रसिद्ध भारोत्तोलक चेतन नेहरा ने जानकारी देते हुए बताया कि खेल को बढ़ावा देने के लिए गांव के युवकों द्वारा 1600 मीटर दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। दौड़ प्रतियोगिता में विभिन्न जनपदों के करीब 200 धावकों ने भाग लिया था। गांव निवासी अंकुर नेहरा ने बताया कि इस दौड़ प्रतियोगिता में जनपद सहारनपुर के प्रिंस नामक धावक ने मात्र 4 मिनट 10 सैकंड के समय में अपने लक्ष्य की दूरी तय करके प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा बुलंदशहर निवासी कुणाल ने 4 मिनट 11 सेकंड में तय की एवं विक्की निवासी अलीगढ़ में 4 मिनट 14 सेकंड में तय करके द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता धावकों को क्रमशः 11000, 7100, 5100 रुपए  
का नकद पुरस्कार दिया गया। अंकुर नेहरा ने जानकारी दी कि चौथे, पांचवे तथा छठे स्थान पर आने वाले धावकों अंकित मुजफ्फरनगर, महेंद्र बदायूं एवं राजीव गुर्जर गुलावठी को क्रमशः 3100, 2100 तथा 1100 रुपए धनराशि ईनाम में दी गई। समाजसेवी सुनील नेहरा ने बताया कि इन सभी के अलावा चार धावकों को 501 रुपए की नकद धनराशि तथा शील्ड देकर सम्मानित किया गया।
       इस मौके पर गन्ना समिति के डायरेक्टर अनिल चौधरी खानपुर, राहुल, अनुज नेहरा, भारोत्तोलक अमर वर्मा, मयंक त्यागी, समाजसेवी विकास त्यागी, अर्जुन मान, तरुण चौधरी, अंजुल नेहरा, कुणाल नेहरा, वरुण चौधरी, गोलू नेहरा समेत अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।