बढ़े हुए विद्युत मूल्य, बढ़ते अपराध और गन्ना बकाया भुगतान को लेकर आप पार्टी प्रदेश में छेड़ेगी आंदोलन

मोदीनगर (अनवर ख़ान)। आम आदमी पार्टी प्रदेश में बढ़ी हुई बिजली की दरों, महंगी शिक्षा और चिकित्सा, बकाया गन्ना भुगतान, प्रदेश में लगातार बढ़ रहे अपराधों जैसी समस्याओं के विरोध में शीघ्र ही प्रदेश व्यापी आंदोलन छेड़ेगी। जिसके तहत आम आदमी पार्टी इन समस्याओं से हल्कान प्रदेशवासियों के साथ मिलकर प्रदेश सरकार की हठधर्मिता के खिलाफ प्रदेश भर में धरना प्रदर्शन करेगी।
         यह जानकारी आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य नवाब सोनी ने अपने तिबड़ा रोड स्थित कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों को देते हुए बताया कि शनिवार शाम वह अपने कई समर्थकों संग आप पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक दिल्ली प्रदेश के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात करने के लिए मुख्यमंत्री आवास पर गए थे। जहां चाय पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उपरोक्त जानकारी देते हुए आंदोलन की शुरुआत जनपद मेरठ से किए जाने के संकेत दिए। नवाब सोनी ने बताया कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के मुताबिक पार्टी ने प्रदेश में विधिपूर्वक दस्तक दे दी है और पार्टी द्वारा ठाकुर सभाजीत सिंह को प्रदेश की कमान सौंपते हुए प्रदेश अध्यक्ष के पद पर मनोनीत किया गया है। साथ ही प्रदेश में कमेटी सदस्यों को चयनित करने के लिए पार्टी ने ग्यारह सदस्य चयन समिति का गठन भी किया है। इस चयन समिति में उनका नाम शामिल करने के लिए नवाब सोनी ने राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का आभार व्यक्त किया है। नवाब सोनी ने बताया कि राष्ट्रीय संयोजक द्वारा उन्हें सांसद संजय सिंह के साथ मिलकर प्रदेश में सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। नवाब सोनी ने जानकारी दी की प्रदेश में आगामी होने वाले जिला पंचायत चुनाव में आप पार्टी अपने प्रत्याशियों को उतार कर इन चुनावों में जीत का परचम लहराएगी। नवाब सोनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ही अपनी बेदाग छवि के चलते पीएम पद के लिए योग्य हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी धर्म-मजहब की बजाय विकास, समुचित शिक्षा और चिकित्सा व्यवस्था, न्यूनतम दरों पर बिजली-पानी मुहैया कराने के साथ भ्रष्टाचार अंकुश लगाने का कार्य करती है। नवाब सोनी ने कहा कि अपनी इन्हीं खूबियों के बलबूते पर उत्तर प्रदेश में भी आप पार्टी ही काबिज होगी। मुलाकात के दौरान नवाब सोनी और उनके समर्थकों ने राष्ट्रीय संयोजक मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दीवार घड़ी भेंट की।
       इस दौरान वरिष्ठ समाजसेवी हरेंद्र शर्मा, जयभगवान जीनवाल, केके त्यागी, अभि चौधरी, रजत ठाकुर, आभास सोनी, सचिन पाल आदि मौजूद थे।