उत्थान फाउंडेशन ने महिला स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत बांटे 800 सेनेट्री पैड

मोदीनगर (अनवर ख़ान)। सामाजिक संस्था उत्थान फाउंडेशन द्वारा भूपेंद्र पुरी कॉलोनी में चलाए गए महिला स्वच्छता जागरूकता अभियान के तहत सैंकड़ों महिलाओं को सैनेट्री पैड का वितरण किया गया। इस दौरान प्रसिद्ध महिला चिकित्सक डॉ मृणालिनी अग्रवाल द्वारा महिलाओं को आंतरिक अंगों की साफ सफाई के बारे में जानकारी देकर सफाई के प्रति जागरूक भी किया गया।
        संस्था की संस्थापक सचिव प्रख्यात ज्योतिषाचार्या डॉ सोनिका जैन ने अभियान के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि संस्था द्वारा महिलाओं को उनके स्वच्छता व स्वास्थय के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से महिला स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में बुधवार को भूपेंद्र पुरी कॉलोनी में अभियान चलाया गया। जिसमें मुख्य अतिथि महिला चिकित्सक डॉ मृणालिनी अग्रवाल ने महिलाओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि आज भी महिलाएं मासिक धर्म के समय कपड़े आदि का प्रयोग करती हैं, जिससे संक्रमण होने का खतरा रहता है। इसलिए संक्रमण से बचने के लिए मासिक के समय सैनेट्री पैड का उपयोग करने के साथ साथ आंतरिक अंगों की सफ़ाई पर भी अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है। डॉ सोनिया जैन ने बताया कि इस मौके पर महिलाओं को संस्था द्वारा करीब आठ सौ सैनेट्री पैड वितरित किए गए। संस्था की पदाधिकारी नीरू भार्गव और सीमा अग्रवाल ने जरूरतमंद महिलाओं के लिए संस्था द्वारा संचालित स्वरोजगार योजना के बारे में बताते हुए रोजगार व आमदनी बढ़ाने के लिए संस्था से जुड़ने का आह्वान किया। 
      इस मौके पर नगर प्रभारी राशि कोटियाल, सुनीता शर्मा के अलावा सैंकड़ों महिलाएं मौजूद थीं।