तिबड़ा गांव में तीन दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन

मोदीनगर (अनवर ख़ान)। ग्राम प्रधान लतीफ़पुर तिबड़ा सुचेता सिंह और उनके पति क्षेत्र पंचायत सदस्य तथा भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष आशीष चौधरी के अथक प्रयासों के बाद गांव में ही निर्मित कराए गए क्रीड़ा स्थल पर तीन दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।


      फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए आशीष चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि गांव के खिलाड़ियाें को यहां एक खेल मैदान की अत्यंत आवश्यकता थी। जो अक्सर यहां आने वाले नेताओं और अधिकारियों से गांव में खेल मैदान की मांग किया करते थे। उन्होंने कहा कि खेल का शौक होने के चलते उनको भी यहां एक खेल मैदान की कमी हमेशा खला करती थी। और गांव में एक खेल मैदान होने का सपना वह हमेशा देखा करते थे। यहां खेल मैदान बनने से उनका वह सपना पूरा हो गया। यही नहीं खेल मैदान बनते ही यहां तीन दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। आशीष चौधरी ने कहा कि कबड्डी भारतवर्ष का राष्ट्रीय खेल है, जिसको खेलने वाले अधिकतर ग्रामीण क्षेत्रों से ही आते हैं। आज कबड्डी विश्व स्तर पर खेला जा रहा है। जिसके चलते विश्व के अनेक देश के खिलाड़ी कबड्डी खेल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। आशीष चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस तीन दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा आदि प्रदेशों के अलावा बुलंदशहर, ग़ाज़ियाबाद, बड़ौत, बागपत, मेरठ आदि जनपदों की टीम हिस्सा ले रही हैं। विजेता टीम को 11000, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 5100 तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 2100 रुपए नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
       इस मौके पर भारत, मुकुल सोनी, विशाल, मनीष, रोहित, अर्जुन, धर्मेंद्र, विपिन, उदयवीर, चंद्रपाल, मोनी, नितिन, अमरीश, गोलू, अरविंद आदि के अलावा आसपास के गांवों के सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।