बाल दिवस पर सामाजिक संस्था सेहत ने निर्धन बच्चों को बांटी खुशियां

मोदीनगर (अनवर ख़ान)। अपने नाम के अनुरूप कार्य करते हुए क्षेत्रवासियों को सेहत के प्रति जागरूक कर रही सामाजिक संस्था सेहत द्वारा ग्राम सीकरी कलां के निकट स्थित मलिन बस्ती के बच्चों को स्वादिष्ट भोजन परोस कर बाल दिवस मनाया गया। इस दौरान संस्था के पदाधिकारियों द्वारा बांटी गई पाठ्य सामग्री तथा खिलौना साईकिल पाकर बस्ती के बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
       संस्था के अध्यक्ष डॉक्टर अर्जुन शर्मा ने बताया कि उनकी संस्था मलिन बस्तियों के लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के बारे में जानकारी मुहैया करा रही है। साथ ही मलिन बस्ती के निर्धन बच्चों को स्वादिष्ट भोजन भी संस्था द्वारा समय-समय पर वितरित किया जाता है। रविवार को संस्था के पदाधिकारी ग्राम सीकरी कलां के निकट स्थित मलिन बस्ती में पहुंचे और वहां निवास करने वाले निर्धन बच्चों के साथ बाल दिवस की खुशियां बांटी तथा बच्चों ने भी अपनी प्रतिभा अनुसार विभिन्न सांस्कृतिक तथा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर जमकर धमाल मचाया। इस दौरान संस्था द्वारा बच्चों को स्वादिष्ट एवं पौष्टिक भोजन भी परोसा गया। बाद में संस्था के पदाधिकारियों ने बस्ती के बच्चों को पाठ्य सामग्री जैसे स्कूल बैग, लंच बॉक्स, पानी की बोतल, स्टेशनरी, नोटबुक्स, पेंसिल किट, चित्रकारी का सामान तथा खिलौना साइकिल का वितरण किया। 
       इस मौके पर नमामि शर्मा, दीपक गुजराल, कल्पित दुबे, श्रुति, तन्वी गुजराल, सिमरन, तानिया, आकृति, कोमल आदि पदाधिकारीगण मौजूद थे।