बालबाड़ी पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने किया रामलीला का मंचन

कार्यक्रम के दौरान पुलिस द्वारा छात्राओं को दिए गए सुरक्षित रहने के टिप्स


मोदीनगर (अनवर ख़ान)। दशहरे पर्व के मद्देनज़र स्थानीय बालबाडी पब्लिक स्कूल में संस्थान द्वारा एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान संस्थान की प्रधानाचार्या डॉ नीरू जोशी द्वारा विद्यार्थियों को दशहरा पर्व से संबंधित जानकारी विस्तार से दी गई। इसके अलावा बालिका सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत पुलिस द्वारा स्कूल की बालिकाओं को विशेष टिप्स देते हुए सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया।
       कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के चेयरमैन संजय जैन निदेशक विनय रुहेला तथा प्रधानाचार्या डॉ नीरू जोशी द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया गया। अपने संबोधन में प्रधानाचार्या डॉ नीरू जोशी ने कहा कि दशहरा पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। उन्होंने कहां की भगवान श्री राम और रावण के बीच चले घनघोर युद्ध के बाद अंत में जीत भगवान श्री राम की ही हुई थी। क्योंकि भगवान श्री राम सत्य और धर्म के मार्ग पर चल रहे थे। डॉ नीरू जोशी ने विद्यार्थियों से सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा धार्मिक ग्रंथ रामायण के विभिन्न प्रसंगों का मंचन भी किया गया। 
       कार्यक्रम के दौरान ही बालिका सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत मोदीनगर थाने में तैनात उपनिरीक्षक रमेश चंद्र ने स्कूल की छात्राओं को सुरक्षा से संबंधित जानकारी देते हुए बताया कि घर से बाहर निकलने के बाद यदि कोई आपका पीछा करता है। तो उसको अनदेखा ना करें बल्कि उसके बारे में अपने परिजनों अथवा अपनी शिक्षिका को अवश्य बताएं। उन्होंने छात्राओं से कहा कि यदि इस प्रकार की कोई आपात स्थिति में आप फंस जाएं तो पुलिस प्रशासन द्वारा जारी महिला हेल्पलाइन टोल फ्री नंबर 181 अथवा 1090 पर कॉल कर सकती हैं। 
      कार्यक्रम को सफल बनाने में स्कूल की शिक्षक शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।