भाजपा नेत्री डॉ अनिला आर्या द्वारा प्रदूषण संरक्षण पर कार्यशाला आयोजित

मोदीनगर (अनवर ख़ान)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस को भाजपाइयों द्वारा सेवा सप्ताह के रूप में मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ अनिला आर्या के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें वक्ताओं ने स्कूली छात्रों को पर्यावरण की सबसे बड़ी शत्रु प्लास्टिक से होने वाली हानियों की जानकारी देते हुए प्लास्टिक का उपयोग न करने का संकल्प दिलाया।
       कृष्णा नगर कॉलोनी स्थित अमन चिल्ड्रन ऐकेडमी के सभागार में आयोजित कार्यशाला का शुभारंभ डॉ अनिला आर्या द्वारा भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। अपने संबोधन में डॉ अनिला आर्या ने कहा कि पर्यावरण की दुश्मन प्लास्टिक का उपयोग हमें कतई नहीं करना चाहिए। प्लास्टिक ही गंभीर बीमारियों को बुलावा दे रही है। बीमारियों से बचाव के लिए हमें प्लास्टिक का त्याग करने के साथ साथ प्राकृतिक वस्तुओं को पुनः अपनाना होगा। जैसे कि मिट्टी के बर्तन, पत्तल, जूट के थैले आदि को प्रयोग में लाने होंगे। कार्यशाला की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्या मृदुला शर्मा ने की।
      वक्ताओं में अम्बुजलता माहेश्वरी, संध्या शर्मा, देवीशरण कश्यप, बबीता शर्मा, विशाल राजपूत, सविता आर्य, ममता, अनुपमा, स्वाती, तरुण हर्षवर्धन, मोहित आदि शामिल थे।