राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर छाया पब्लिक स्कूल में हुआ  कार्यक्रम का आयोजन

मोदीनगर (अनवर ख़ान)। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल प्रोत्साहन समिति के तत्वाधान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के अलावा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने वाले कोच को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
         गोविंदपुरी स्थित छाया पब्लिक स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के प्रशासनिक अधिकारी प्रख्यात खेल साहित्य लेखक डॉक्टर अरुण त्यागी द्वारा किया गया। अपने संबोधन में डॉक्टर अरुण त्यागी ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को याद करते हुए कहा कि ओलंपिक खेलों में भारत को हॉकी प्रतियोगिता में तीन बार स्वर्ण दिलाने वाले मेजर ध्यानचंद का आज जन्म दिवस है। 29 अगस्त 1905 को जन्मे मेजर ध्यानचंद के सम्मान देने के लिए हम उनके जन्मदिवस को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाते हैं। डॉ अरुण त्यागी ने कहा कि भारत के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान पद्मभूषण से सम्मानित मेजर ध्यानचंद ने हॉकी मैदान पर एक हजार से अधिक गोल दागे हैं। जिसके चलते उन्हें हॉकी का जादूगर कहा जाता है। सभी खिलाड़ियों को मेजर ध्यानचंद से कठिन परिश्रम और देश के लिए कुछ कर गुजरने की प्रेरणा लेनी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान डॉक्टर अरुण त्यागी ने कराटे कोच पवन सिरोही, भारोत्तोलन कोच मौ आगा,  बास्केटबाल में राजीव कुमार को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। 
       कार्यक्रम को सफल बनाने मे संजीव शर्मा, भारतभूषण, अर्चना शर्मा, अविनाश, अतुल, शालिनी आदि का सराहनीय योगदान रहा।