हम सभी को धर्म के मार्ग पर चलना चाहिए - रूपा रानी त्यागी

एकलव्य पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई जन्माष्टमी


मुरादनगर (अनवर ख़ान)। पाइप लाइन मार्ग स्थित एकलव्य पब्लिक स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान शिक्षार्थियों द्वारा दही हांडी फोड़ने की प्रतियोगिता कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। इसके अलावा राधा कृष्ण का रूप धरे हुए बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
       कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल की प्रधानाचार्य रूपा रानी त्यागी द्वारा भगवान श्री कृष्ण की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। अपने संबोधन में प्रधानाचार्या रूपा रानी त्यागी ने शिक्षार्थियों को जन्माष्टमी पर्व की महत्ता के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को रक्षाबंधन के बाद भाद्रपद माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को देश ही नहीं विदेशों में भी पूर्ण आस्था और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। इस दिन श्रद्धालु गण व्रत रखते हैं और देर रात को अपने सामर्थ्य अनुसार फलाहार कर खोलते हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी को भी धर्म के बताए मार्ग पर चलना चाहिए। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में स्कूल के शिक्षार्थियों द्वारा झांकियां आदि सजाई गईं। जिसमें छात्र छात्राओं द्वारा राधा कृष्ण की वेशभूषा पहन कर विभिन्न मुद्राओं में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का मंचन कर आगंतुकों को भाव विभोर कर दिया। 
      कार्यक्रम को सफल बनाने में उप प्रधानाचार्य विकास त्यागी के अलावा प्रियंका त्यागी, अंजली वर्मा, संगीता त्यागी, पवन शर्मा, रेखा त्यागी, सरस्वती त्यागी आदि शिक्षक शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।