पहल एक प्रयास ने छात्राओं को दी गुड टच बैड टच की जानकारी

मोदीनगर (अनवर ख़ान)। मासूम बच्चियों के साथ निरंतर बढ़ते जा रहे छेड़छाड़ तथा बलात्कार जैसे गंभीर मामलों के मद्देनजर अनेक सामाजिक संस्थाओं द्वारा स्कूलों आदि में चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के अंतर्गत मासूम बच्चियों को गुड टच और बैड टच की जानकारी दी जा रही है। इसी कड़ी में पहल एक प्रयास संस्था द्वारा रविवार को शाही जामा मस्जिद स्थित मदरसा इस्लामिया दरसुल कुरान की छात्राओं को गुड टच और बैड टच की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
       संस्था से जुड़ी कंचन अग्रवाल ने छात्राओं को जानकारी देते हुए बताया कि आजकल छोटी-छोटी बच्चियों के साथ अमानुषिक व्यवहार किए जाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इन अमानुषों से हमें बचने के लिए सचेत रहने की आवश्यकता है। चूंकि मासूम बच्चियां अबोध होती हैं, उनको सही और गलत का बोध व्यक्तियों के स्पर्श मात्र से ही हो जाना चाहिए। वो हमसे लाड़ दुलार जताने के बहाने हमारे शरीर के किस अंग को स्पर्श कर रहे हैं, इसकी जानकारी यदि मासूम बच्चियों को हो जाती है तो वह ऐसी किसी घटना से खुद को सुरक्षित कर सकती है। संस्था से ही जुड़ी प्रियंका ने छात्राओं को सुरक्षित रहने के और अन्य अनेक टिप्स दिए। 
       इस मौके पर डॉ थम्मन, कारी आरिफ़ चौधरी, शमां खातून, मनोज जैन, ललिता त्यागी, सुनीता शर्मा, गौरव चौहान, मोहम्मद जाहिद आदि मौजूद थे।