राष्ट्रीय लोकदल ने चलाया सदस्यता अभियान

मोदीनगर (अनवर ख़ान)। राजनीतिक पार्टी राष्ट्रीय लोक दल अपना कुनबा बढ़ाने में जुट गया है। शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर रालोद के नेता कुनबा बढ़ाने के लिए सदस्यता अभियान चला रहे हैं। इसी कड़ी में रालोद के नगर अध्यक्ष ललित कुमार सैन के वैशाली एन्कलेव कॉलोनी स्थित कार्यालय पर रालोद के जिलाध्यक्ष कपिल चौधरी के नेतृत्व में चलाए गए सदस्यता अभियान में सैकड़ों लोगों ने रालोद की सदस्यता ग्रहण की।
        अभियान का शुभारंभ रालोद के जिलाध्यक्ष कपिल चौधरी, वरिष्ठ रालोद नेता रणवीर दहिया, वरिष्ठ रालोद नेत्री पूर्व जिला पंचायत सदस्य डॉ दीपा त्यागी, नगराध्यक्ष ललित कुमार सैन द्वारा चौधरी चरण सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। जिलाध्यक्ष कपिल चौधरी ने कहा कि रालोद पार्टी किसानों-मजदूरों की पार्टी है। और रालोद ही किसानों और मजदूरों के हकों की आवाज को निरंतर उठाती रही है और आगे भी उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि मौजूदा केंद्र सरकार किसानों-मजदूरों के हित की बात तो करती है किंतु असल में ये किसान मजदूर विरोधी सरकार है। जो इसने अपनी नीतियों से स्पष्ट भी कर दिया है। इस सरकार की नीतियों से त्रस्त मजदूर, किसान और आमजन आने वाले दिनों में इस पार्टी के लिए काल साबित होगा। नगर अध्यक्ष ललित कुमार सैन ने अभियान के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा सदस्यता अभियान चलाकर किसानों-मजदूरों के अलावा आमजन को अधिक से अधिक संख्या में पार्टी से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बीस सदस्यो पर एक सक्रिय सदस्य बनाया जाएगा। वह सक्रिय सदस्य सक्रिय रहकर अपने साथियों को साथ लेकर आमजन को पार्टी की नीतियों से अवगत कराने का कार्य करेंगे। 
       इस मौके पर ओडी त्यागी, रविन्द्र चौहान, सतपाल, सतेंद्र तोमर, अरुण दहिया, सोनू तेवतिया, जयप्रकाश त्यागी, रविन्द्र सिंह, मनमोहन शर्मा, रिंकु चौधरी, मदनपाल सैन, उधमसिंह नेहरा, संदीप सैन, सचिन सैन, आकाश सैन आदि मौजूद थे।